प्रेमी के चक्कर में मां ने अपने दो बच्चों को दूध में दिया जहर, घर से भागने की कर रही थी कोशिश
चेन्नई। 'प्यार अंधा होता है' ये लाइनें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन क्या कोई महिला प्यार के चक्कर में अपने बच्चों को मौत के घाट उतार सकती है? जी हां, कुछ ऐसा ही घटा है तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में, जहां एक 33 साल की महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के चक्कर में अपने दो बच्चों को जहर दे दिया।
बॉयफ्रेंड के साथ भागने के लिए बच्चों को दिया जहर
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से भागने की फिराक में थी, जिसकी वजह से उसने अपने दो बच्चों को दूध में जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी महिला की पहचान अबिरामी के रूप में हुई है जो पुलिस की गिरफ्त से बाहर है तो वहीं पुलिस ने महिला के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान सुंदरम के रूप में हुई है।
बिरयानी की शॉप पर काम करता था बॉयफ्रेंड
पुलिस ने बताया कि सुंदरम की कुंदराथुर स्थित अबिरामी के घर के पास एक बिरयानी की दुकान है। वहीं अबिरामी का पति एक निजी बैंक में काम करता है। पूछताछ में सुंदरम ने पुलिस को बताया कि उसके और महिला के बीच काफी पहले से संबंध थे और दोनों शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे।
बच्चों की हत्या की वजह ढूंढ रही है पुलिस
एक चांज अधिकारी ने बताया, 'हमें अभी तक बच्चों की हत्या का कारण नहीं पता चल पाया है, यह अबिरामी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा।' महिला का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं।
पति की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने महिला के पति विजय की शिकायत पर केस दर्ज किया है। दोनों की शादी 8 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे अजय (7) और करुणिका (5) थे। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात विजय ने अपनी पत्नी को बताया कि वह ज्यादा काम होने की वजह से घर नहीं आ पाएंगे। वह शनिवार सुबह 7 बजे घर लौटे तो घर लॉक था। विजय ने अपनी पत्नी को कॉल की तो फोन ऑफ था। विजय ने दरवाजा तोड़कर खोला तो पाया कि उनके दोनों बच्चे बेहोश पड़े थे। बच्चों को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PVDreW
No comments